Sonbhadra news : अब गांवों में मिलेगा बेहतर उपचार, 24 नए उपकेंद्र और 7 बीपीएचयू होंगे तैयार
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।

sonbhadra
7:39 PM, May 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 15वें वित्त आयोग हेल्थ ग्रांट से जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
सोनभद्र । ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। 15वें वित्त आयोग हेल्थ ग्रांट के तहत जनपद में प्रस्तावित 24 नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों और 7 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) के निर्माण कार्यों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग, कार्यदायी संस्थाओं तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा भूमि की उपलब्धता, तकनीकी स्वीकृतियों और निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। बैठक में प्रस्तावित परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जल्द से जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों और बीपीएचयू के निर्माण से गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज नहीं भटकना पड़ेगा। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार आएगा और स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा और अधिक विस्तृत होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच सके।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 पी0के0 राय, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




