Sonbhadra News : जिले में तैनात तीन सीओ का गैर जनपद स्थानांतरण
उत्तर प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी तबादला सूची में......

sonbhadra
2:37 PM, June 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी तबादला सूची में प्रदेश भर के 206 पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ) का स्थानांतरण किया गया है। इस व्यापक तबादला अभियान का असर सोनभद्र जनपद पर भी पड़ा है, जहां तैनात तीन क्षेत्राधिकारियों को अन्य जनपदों में भेज दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार घोरावल सीओ राहुल पांडेय का पीलीभीत, ओबरा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार का तबादला मिर्जापुर कर दिया गया है, जबकि यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ0 चारु द्विवेदी को चंदौली जनपद भेजा गया है। वहीं प्रतापगढ़ में तैनात सीओ विनय प्रभाकर साहनी और भदोही में तैनात सीओ प्रभात राय को सोनभद्र भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि प्रदेश में आगामी चुनावी गतिविधियों, बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति के तहत यह बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। शासन स्तर पर लंबे समय से विभिन्न जनपदों में तैनात अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जा रही थी, जिसके बाद यह तबादला सूची जारी की गई।




