Sonbhadra News : सोनभद्र में "नो हेलमेट, नो फ्यूल" लागू, सभी पेट्रोल पम्प को निर्देश जारी
लगातार सड़क दुर्घटनाओं में हो रहे इजाफा को देखते हुए सरकार ने "नो हेलमेट, नो फ्यूल" रणनीति लागू की है । इसी आदेश को अमलीजामा पहनाने के लिए जिलाधिकारी ने सोनभद्र में भी "नो हेलमेट, नो फ्यूल का आदेश दिया

प्रतीकात्मक तस्वीर
sonbhadra
12:52 PM, January 15, 2025
शान्तनु कुमार
- हर पेट्रोल पम्प मालिक को सीसीटीवी कैमरा चालू रहने का निर्देश
- जिलाधिकारी ने कड़ाई से पालन करने का दिया निर्देश
सोनभद्र । लगातार सड़क दुर्घटनाओं में हो रहे इजाफा को देखते हुए सरकार ने "नो हेलमेट, नो फ्यूल" रणनीति लागू की है । सरकार के इसी आदेश को अमलीजामा पहनाने के लिए जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने सोनभद्र में भी "नो हेलमेट, नो फ्यूल" का आदेश जारी कर दिया है।
आपको बतादें कि राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली असामयिक मृत्यु और गम्भीर चोटों को रोकने के लिए एक ठोस, दीर्घकालिक और प्रभावी रणनीति की बात कही थी । मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत की कमी किये जाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार ने सभी क्षेत्रों में " नो हेलमेट, नो फ्यूल" रणनीति लागू करने का फैसला लिया । सरकार का मानना है कि यह फैसला निर्णायक कदम हो सकती है।
आदेश के क्रम में सोनभद्र में स्थित सभी पेट्रोल पम्प संचालकों एवं स्वामियों को यह निर्देश दिये गए हैं कि वे अपने प्रांगण में इस संदेश को लेकर बड़े-बड़े होर्डिंग लगायेंगें । साथ ही सभी पेट्रोल पम्प संचालक एवं स्वामी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि उनके प्रतिष्ठान में सी०सी०टी०वी० कैमरा सदैव सक्रिय रहे, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति में सी०सी०टी०वी० फुटेज का देखकर आवश्यक निर्णय लिया जा सके।




