Sonbhadra News : साहसिक कार्य के लिए दो महिला सिपाही सहित नौ महिलाएं हुई सम्मानित
आज नगर के रामलीला मैदान में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत रॉबर्ट्सगंज में जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी.....

sonbhadra
11:01 PM, September 26, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज नगर के रामलीला मैदान में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत रॉबर्ट्सगंज में जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी बेटियों तथा साहसी महिलाओं को सम्मानित किया गया साथ ही विभिन्न विद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सुरक्षा व स्वावलंबन का संदेश दिया।
महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना प्राथमिकता -
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत आज थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के रामलीला मैदान में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था। इस जागरूकता अभियान में बतौर मुख्य अतिथि विधायक सदर भूपेश चौबे तथा विधायक घोरावल डॉ0 अनिल मौर्या मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा की गई, जबकि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार, डीपीआरओ नमिता शरण, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विद्या देवी सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान एसपी ने विद्यालय के छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा सहायता हेतु संचालित विभिन्न सरकारी अभियानों एवं टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को महिला एवं बाल सुरक्षा, "गुड टच-बैड टच", साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया इसके साथ ही 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (बाल हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) जैसे टोल फ्री नंबरों के बारे में बताया और उन्हें इन नंबरों के उपयोग के प्रति प्रेरित किया। इसके पश्चात छात्राओं के बीच मिशन शक्ति अभियान से जुड़े पम्फ्लेट वितरित किये गए।
महिलाओं को डिजिटल दुनियाँ में सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना लक्ष्य - एसपी
वहीं एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि "वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी महत्वपूर्ण सावधानियां बताई गईं। एसपी ने कहा कि यह प्रयास महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए व सशक्त बनाने के लिए किया गया है। हमारा लक्ष्य महिलाओं को एक सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करना है।"




