Sonbhadra News : रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता- शानदार गेंदबाजी के लिए प्रशांत बने मैन ऑफ द मैच
महुली के आरबीएस खेल मैदान पर आयोजित हो रहे रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का चौथा दिन


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
धर्मेन्द्र गुप्ता(संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। विकास खण्ड दुद्धी के अंतर्गत महुली में आयोजित श्री राजा बरियार शाह क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन गुरुवार की रात्रि खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। एक ओर जहां तुर्रा पिपरी ने रेणुकूट को बेहद कम स्कोर पर समेटकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की, वहीं दूसरे मुकाबले में शिवाजी तालाब दुद्धी ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर अगले दौर में प्रवेश किया।पहला मुकाबला तुर्रा पिपरी और रेणुकूट के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पिपरी ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी रेणुकूट की टीम पिपरी के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और मात्र 25 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पिपरी की ओर से प्रशांत ने घातक गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं बिपुल ने 2 रन देकर 3 विकेट तथा शुभम ने 6 रन देकर 3 विकेट हासिल कर रेणुकूट की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।26 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिपरी की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 7 गेंदों में 9 विकेट शेष रहते मुकाबला जीत लिया। रंजीत ने 2 गेंदों पर 6 रन बनाए, जबकि सुमित ने 3 गेंदों में लगातार तीन छक्के जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया। शानदार गेंदबाजी के लिए प्रशांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।दिन का दूसरा मुकाबला तुर्रा पिपरी और शिवाजी तालाब दुद्धी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पिपरी ने एक बार फिर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवाजी तालाब दुद्धी की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 129 रन बनाए। टीम की ओर से बिल्ला ने मात्र 14 गेंदों पर विस्फोटक 48 रन की पारी खेली।लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिपरी की टीम 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 105 रन ही बना सकी। इस प्रकार शिवाजी तालाब दुद्धी ने 24 रन से शानदार जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए बिल्ला को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।मुकाबलों में सतेश कुमार एवं हिमांशु गोस्वामी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि आर्यन कन्नौजिया ने स्कोरर और विकार कुमार ने आंखों देखा हाल सुनाकर मैच को रोमांचक बनाया। इस अवसर पर राजकपूर कन्नौजिया, अंकित कुमार, दीपक कुमार, हरेंद्र कुमार, इरसाद अली, मनीष कुमार, अभिरंजन कुमार कन्नौजिया सहित सैकड़ों खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए देर रात तक दर्शकों की भारी भीड़ मैदान में जमी रही।