Sonbhadra News : रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता-बंटी के आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को दिलाई शानदार जीत
महुली के आरबीएस खेल मैदान पर आयोजित हो रहे रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन दो मैच खेले गए

सोनभद्र
11:23 AM, June 11, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। श्री राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन महुली का खेल मैदान रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। रात्रि 8 बजे से शुरू हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने चौकों-छक्कों और बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन कर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
तीसरे दिन के प्रमुख मुकाबलों में बघाडू और रेणुकूट की टीमों ने शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बघाडू और आरसीबी बहरा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बघाडू की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 155 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज बंटी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 63 रनों की शानदार पारी खेली।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी बहरा की टीम बघाडू के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 95 रन ही बना सकी। इस तरह बघाडू ने 60 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल कर अगले चक्र में जगह बनाई।
शानदार प्रदर्शन के लिए बंटी को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। जिला स्काउट कमिश्नर सोनभद्र सत्यनारायण कन्नौजिया ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
दूसरे मुकाबले में रेणुकूट और बंका पतरिहा (झारखंड) की टीमें आमने-सामने रहीं। 8-8 ओवर के इस मैच में रेणुकूट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 78 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड की टीम निर्धारित ओवरों में 60 रन ही बना सकी। रेणुकूट ने 18 रन से मुकाबला जीत लिया। जीत के नायक रहे दीपक, जिन्होंने 2 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन पर उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार सत्यनारायण कन्नौजिया द्वारा प्रदान किया गया।
मुकाबलों में आकर्ष चौबे और गोलू ने अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाई, जबकि जसवंत कुमार ने स्कोरर एवं सूरज कुमार कन्नौजिया ने अपनी जोशीली कमेंट्री से मैच में उत्साह भर दिया।
इस अवसर पर शिवम कुमार, आशु गोस्वामी, आलोक कुमार, सन्नी कुमार सहित सैकड़ों खेल प्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे।




