Sonbhadra News : एनएचएम कर्मियों का फूटा गुस्सा, तीसरे दिन भी जारी रहा विरोध प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारियों का वेतन संकट अब आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। विगत दो महीनों से वेतन न मिलने से नाराज एनएचएम संविदाकर्मियों का.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:31 PM, May 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 21 मई से 'नो पे-नो वर्क' पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी, इमरजेंसी छोड़ ठप हो सकती हैं स्वास्थ्य सेवाएं
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारियों का वेतन संकट अब आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। विगत दो महीनों से वेतन न मिलने से नाराज एनएचएम संविदाकर्मियों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जनपद के जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर शासन के खिलाफ विरोध जताया और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के आह्वान पर 18 मई से शुरू हुए इस आंदोलन में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संविदाकर्मी शामिल हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 मई तक शासन स्तर पर उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 21 मई 2026 से पूरे प्रदेश में 'नो पे-नो वर्क' के आधार पर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा।
एनएचएम संघ के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने कहा कि "लगातार दो माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है, बावजूद इसके शासन और विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से कर्मचारी अपने कार्यस्थलों पर रहकर काला फीता बांध विरोध दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक किसी उच्च अधिकारी ने संगठन से संपर्क करना भी जरूरी नहीं समझा।"
कर्मचारियों ने आज अपने-अपने अधीक्षकों को 21 मई से कार्य बहिष्कार का ज्ञापन भी सौंप दिया है। आंदोलनरत कर्मियों का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर जिलेभर की अधिकांश स्वास्थ्य सेवाएं बाधित कर दी जाएंगी। इससे अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
स्वास्थ्य कर्मियों का आरोप है कि लंबे समय से संविदाकर्मियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है, जबकि स्वास्थ्य व्यवस्था का बड़ा हिस्सा इन्हीं संविदाकर्मियों के भरोसे संचालित हो रहा है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रशांत दुबे, अखिलेश दुबे, पंकज सिंह, बीसीपीएम अखिलेश मौर्य, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार, संगठन मंत्री कामेश्वर राय, अजय पाल, स्टाफ नर्स कौशल्या देवी, सुनीता देवी, सतीश तिवारी, सुनील पांडेय, सूर्यदेव, आरबीएसके टीम से आशीष चतुर्वेदी, ज्ञान प्रकाश चौबे समेत बड़ी संख्या में एनएचएम संविदाकर्मी मौजूद रहे।




