सोनभद्र । मंगलवार को बगुआरी ग्राम पंचायत के गड़ौरा मजरे से जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी अश्विनी सिंह ने स्कूल चलो अभियान और संचारी रोगों के विरुद्ध अभियान को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया । इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को स्कूल में नामांकित कराने के साथ ही साथ रोज स्कूल भेजें।जिलाधिकारी ने कहा कि रोज स्कूल आने से उनका भविष्य बेहतर हो सकता है और वह एक सुयोग्य , शिक्षित तथा समर्थ नागरिक बन सकते हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं ऑपरेशन कायाकल्प, डीबीटी, नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, पीएम पोषण योजना के महत्व पर प्रकाश डाला।