Sonbhadra News : नवागत डीएम का अल्टीमेटम, नाला निर्माण में बरती ढिलाई तो खैर नहीं
रॉबर्ट्सगंज नगर में दशकों से जल निकासी की बदहाल व्यवस्था पर आखिरकार नवागत जिलाधिकारी ने सख्त सख्त रुख अख्तियार किया है। लगातार जलभराव से जूझ रहे शहरवासियों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
8:09 PM, May 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज नगर में दशकों से जल निकासी की बदहाल व्यवस्था पर आखिरकार नवागत जिलाधिकारी ने सख्त सख्त रुख अख्तियार किया है। लगातार जलभराव से जूझ रहे शहरवासियों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्माणाधीन नाले का औचक निरीक्षण कर जिम्मेदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हर हाल में बरसात से पहले नाला निर्माण पूरा किया जाए, अन्यथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई तय मानी जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर सीएनडीएस को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्षों से लंबित इस समस्या का समाधान प्राथमिकता पर करते हुए समयबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नाले के निर्माण में प्रयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। इसके लिए थर्ड पार्टी जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि पारदर्शिता और मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी गुणवत्ता में कमी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि यह नाला शहर की जल निकासी व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके पूर्ण होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। इसलिए कार्य को युद्धस्तर पर तेजी से पूरा किया जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, तहसीलदार सदर अमित सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर सीएनडीएस रमेश चन्द्र मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




