Sonbhadra News : न नेटवर्क मिला और न आई एंबुलेंस, गयी आदिवासी प्रसूता की जान, मंत्री बोले- बिगड़ी हुई है समस्या
जुगैल थाने के पास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़िया में शनिवार रात एक प्रसूता की मौत इसलिए हो गयी क्योंकि रात नेटवर्क न होने की वजह से परिवार एंबुलेंस नहीं बुला सका।

sonbhadra
6:11 PM, September 15, 2026
शांतनु कुमार/घनश्याम पांडेय
सोनभद्र । जहाँ देश में 5G नेटवर्क और AI की बात होती है वहीं सोनभद्र का एक ऐसा इलाका जहाँ आज भी लोग मोबाइल नेटवर्क के लिए तरस जाते हैं। आलम यह है कि यहाँ किसी बड़ी घटना की सूचना तक नहीं हो पाती।
जुगैल थाने के पास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़िया में शनिवार रात एक प्रसूता की मौत इसलिए हो गयी क्योंकि रात नेटवर्क न होने की वजह से परिवार एंबुलेंस नहीं बुला सका।
मृतिका के पति आनंद खरवार ने बताया कि घर पर जब उसकी पत्नी सुनीता की तबियत खराब हुई तो काफी देर तक वाहन के लिए भटकता रहा, किसी प्रकार ऑटो से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़िया पहुंचा लेकिन वहाँ भी सुविधा नदारत थी। बिना डॉक्टर के नर्स और एनम ने प्रसव कराया तो मृत बच्चा पैदा हुआ। और बाद में पत्नी की अत्यधिक रक्तस्राव से स्थिति बिगड़ने लगी तो नर्स ने चोपन अस्पताल ले जाने की सलाह दी लेकिन उसके सामने एक बार फिर नेटवर्क की भारी समस्या खड़ी थी । और आखिरकार इलाज के अभाव में महिला की भी मौत हो गयी।
जब इस सम्बन्ध में जिले के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा से पूछा गया तो उनका कहना है कि काफी समय से बिगड़ा हुआ है, आगे सुधार होगा।
कुल मिलाकर पिछले दस सालों से यूपी में डबल इंजन की सरकार है ऐसे में प्रभारी मंत्री समस्या को बिगड़ा हुआ बता रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि यदि आजादी के बाद से अब तक सरकार लोगों को नेटवर्क तक नहीं दे सकी तो कम से कम अस्पताल में डॉक्टर और सुविधा तो दे देते।




