Sonbhadra news : गेहूं खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : अवधेश सिंह
गेहूं खरीद कार्य में किसी भी प्रकार की सुस्ती और बहानेबाजी को अस्वीकार्य बताते हुए एडीसीओ राबर्ट्सगंज अवधेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को चोपन, मारकुंडी और जुगैल गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।

sonbhadra
4:27 PM, May 22, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। गेहूं खरीद कार्य में किसी भी प्रकार की सुस्ती और बहानेबाजी को अस्वीकार्य बताते हुए एडीसीओ राबर्ट्सगंज अवधेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को चोपन, मारकुंडी और जुगैल गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सोनभद्र देवेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर किया गया।
निरीक्षण के दौरान चोपन केंद्र पर अब तक 1795.50 कुंतल गेहूं खरीद की जानकारी दी गई। केंद्र प्रभारी रामअनंत ने बताया कि मौके पर करीब 30 कुंतल गेहूं की तौल चल रही थी। उन्होंने बताया कि केंद्र को 1000 खाली बोरे प्राप्त हुए हैं तथा 1425 कुंतल गेहूं की डिलीवरी कराई जा चुकी है।
मारकुंडी केंद्र पर 1210 कुंतल गेहूं खरीद और 470 कुंतल डिलीवरी पाई गई। निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं सदस्यता महाअभियान की 81 सदस्यताओं की धनराशि बैंक में जमा न किए जाने पर एडीसीओ ने सचिव अमरदेव को निर्देश दिया कि संबंधित आंकिक द्वारा पूरी राशि ब्याज सहित जमा किए जाने तक वेतन भुगतान रोक दिया जाए।
जुगैल केंद्र पर 2177 कुंतल गेहूं खरीद दर्ज की गई, जबकि 445 कुंतल की डिलीवरी हो चुकी है। सचिव उमाशंकर यादव ने बताया कि अगले दो दिनों में दो गाड़ियों से और डिलीवरी कराई जाएगी।
एडीसीओ अवधेश कुमार सिंह ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि बोरे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्रय एजेंसियों से लगातार संपर्क बनाए रखें और आवश्यकता की सूचना तत्काल दें।
निरीक्षण के दौरान सचिव रामअनंत, उमाशंकर यादव, अमरदेव, जितेंद्र, रमेश सहित क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।




