Sonbhadra News : नगर पंचायत पर लगा राम मंदिर की जमीन कब्जा करने का आरोप, हिन्दू संगठन ने किया विरोध
स्थानीय नगर पंचायत द्वारा राम मंदिर परिसर की भूमि पर नगर पंचायत के स्वामित्व का बोर्ड लगाए जाने से शनिवार को हड़कंप मच गया।

sonbhadra
2:32 PM, August 11, 2024
कृपा शंकर पाडेप (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । स्थानीय नगर पंचायत द्वारा राम मंदिर परिसर की भूमि पर नगर पंचायत के स्वामित्व का बोर्ड लगाए जाने से शनिवार को हड़कंप मच गया। इस दौरान श्री राम मंदिर समिति, रामलीला समिति तथा मानस भवन समिति के सदस्यों के साथ आम जनमानस के लोग आक्रोशित होकर नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मौके पर अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल तहसीलदार रजनीश यादव द्वारा जनमानस को बहुत समझाने का प्रयास किया गया लेकिन आक्रोशित लोग किसी भी दशा में उक्त स्थान पर बोर्ड लगाने का विरोध कर रहे थे। मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता एस के चौबे तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश पांडे द्वारा कहा गया कि नियमानुसार उक्त भूमि राम मंदिर समिति की है। जिस पर विगत 50 वर्षों से ज्यादा समय से राम मंदिर समिति का स्वामित्व चला आ रहा है। इसके पक्ष में कागजात भी उपलब्ध हैं।बिना किसी नोटिस तथा बिना किसी सूचना के उक्त भूमि पर नगर पंचायत द्वारा बोर्ड लगाया जाना पूरी तरह से गलत व निराधार है। घंटो चली गहमागहमी और वार्ता के दौरान मंगलवार तक भूमि से संबंधित कागज दिखाए जाने की बात तहसीलदार द्वारा कही गई,तब जाकर कहीं मामला शांत हुआ। लोगों के विरोध को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा बोर्ड को पुनः अपने साथ लेकर जाना पड़े। साथ ही तहसीलदार ने बताया कि नियम अनुसार भूमि का स्वामित्व इसके पक्ष में होगा उसी हिसाब से कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर नील कांत तिवारी,समीर माली, सुशील कुशवाहा,वीरेंद्र मित्तल, शिबू शर्मा, आशीष तिवारी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।




