Sonbhadra News : तीन सूत्रीय मांग को लेकर डाला नपं. अध्यक्ष ने डीएम को सौंपा पत्रक
डाला नगर पंचायत अध्यक्ष फूलवंती कुमारी ने डाला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री से जुड़े तीन सूत्रीय मांग पत्र के साथ आगामी 23 जून 2026 को नगर में प्रस्तावित जन आंदोलन को लेकर एक पत्रक डीएम को सौंपा ।

sonbhadra
8:50 PM, June 10, 2026
- कचरे की दुर्गंध नहीं हुआ बंद तो 23 जून को होगा आंदोलन
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । डाला नगर पंचायत अध्यक्ष फूलवंती कुमारी ने डाला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री से जुड़े तीन सूत्रीय मांग पत्र के साथ आगामी 23 जून 2026 को नगर में प्रस्तावित जन आंदोलन को लेकर एक पत्रक डीएम को सौंपा ।
न पं अध्यक्षा ने अवगत कराया कि नगर पंचायत डाला बाजार की सम्मानित जनता लंबे समय से अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के तानाशाही और जनविरोधी रवैये से त्रस्त है। इस विषय पर में मेरे द्वारा पूर्व में प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार सुझाव दिये गये परंतु उनके स्तर से कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय जनता में व्याप्त भारी आक्रोश को देखते हुए आगामी 23 जून 2026 को एक जन आंदोलन सुनिश्चित किया गया है, जिसके माध्यम से हम निम्नलिखित मुख्य तीन मांगो को लेकर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा गया जो इस प्रकार है-
1- कचरे की दुर्गंध को पूर्णतः बंद किया जाए, फैक्ट्री में बाहर से लाकर जलाए जा रहे कचरे और अपशिष्ट पदार्थों से उत्पन्न होने वाली अत्यधिक असहनीय दुर्गंध को तत्काल और पूर्ण रूप से बंद किया जाए। इससे फैल रही जहरीली हवा के कारण क्षेत्र के बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है और कई प्रकार की महामारियों का खतरा मंडरा रहा है।
2- स्थानीय लोगों को अनिवार्य रूप से रोजगार दिया जाए, अल्ट्राटेक प्रबंधन द्वारा स्थानीय प्रभावित क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं की घोर उपेक्षा की जा रही है। हमारी मांग है कि प्रबंधन अपनी नीति में सुधार करते हुए डाला बाजार और आसपास के स्थानीय योग्य युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार/नौकरी प्रदान करें।
3- नगर में स्थित मलिन बस्ती की स्थिति यथावत रखी जाए, क्षेत्र की मलिन बस्ती में रह रहे गरीब और मजलूम परिवारों की किसी भी सूरत में वहां से विस्थापित न किया जाए, उन्हें रहने दिया जाए। उनके आशियाने को उजाड़ने का कोई भी प्रयास न किया जाय।
अध्यक्षा ने बताया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उक्त तीनों मांगों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराने व प्रस्तावित आंदोलन के दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम को मांग पत्र सौंपा गया है ।




