Sonbhadra News : 57 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी पीसीएस परीक्षा
सेवा आयोग की ओर से आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा रविवार को जिले के नौ केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा के लिए 4224 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी हुए थे, लेकिन आधे से..

sonbhadra
7:02 AM, December 23, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा रविवार को जिले के नौ केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा के लिए 4224 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी हुए थे, लेकिन आधे से अधिक 57 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पंजीकृत 4224 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1814 परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी, जबकि 2414 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती रही साथ ही डीएम व एसपी सहित अन्य अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। इस दौरान खुफिया तंत्र भी अलर्ट पर रहा।
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने बताया कि "जिले में पीसीएस परीक्षा दस परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में हुई। प्रथम पाली सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक सम्पन्न हुई। दोनों पालियों में 1814 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2414 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी हुई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या मोबाइल आदि मिलने पर उसे गेट पर ही रखवा दिया गया। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण बनाने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की थी। साथ ही, परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानों के संचालन पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया था। उन्होंने बताया कि देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक नियमानुसार प्रवेश नहीं दिया जा सका। इसके अलावा अन्य सभी केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हो गयी है।"
सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए पहुंचे एडिशनल एसपी कालू सिंह ने बताया कि "प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त, केंद्रों के बाहर ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग से सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। रोडवेज, रेलवे स्टेशन, चौराहे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में छात्रों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।"




