Sonbhadra news : क्षेत्राधिकारी लाइन भुवनेश्वर सिंह की अध्यक्षता में एसजेपीयू एवं एएचटीयू की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक सम्पन्न
भुवनेश्वर सिंह की अध्यक्षता में स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (SJPU) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।

sonbhadra
8:31 PM, July 28, 2026
प्रकाश खत्री/दिलीप श्रीवास्तव (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र)। पुलिस महानिदेशक, महिला सम्मान प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के क्रम में तथा पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आज दिनांक 28.07.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क, जनपद सोनभद्र के सभागार कक्ष में क्षेत्राधिकारी लाइन भुवनेश्वर सिंह की अध्यक्षता में स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (SJPU) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून का उल्लंघन करने वाले तथा देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही किशोर न्याय (JJ) अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों में पीड़ित बच्चों को समयबद्ध रूप से बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किए जाने, पॉक्सो प्रकरणों में प्रारूप (क) एवं प्रारूप (ख) को नियमानुसार पूर्ण किए जाने तथा बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान बाल श्रम, बाल विवाह एवं बाल तस्करी की रोकथाम के लिए प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिवस जनजागरूकता अभियान संचालित करने, बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर बालकों की सुरक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण हेतु कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में सदस्य बाल कल्याण समिति, डिप्टी सीएमओ (चिकित्साधिकारी), जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल गृह (बालिका) के प्रभारी, श्रम विभाग, वन स्टॉप सेंटर, थाना एएचटीयू, एसजेपीयू तथा जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।




