Sonbhadra News : सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा सोमवार, गलन से हुए हाँथ-पैर सुन्न
मौसम नए साल पर सोमवार को कहीं अधिक तल्ख नजर आया। सोमवार को जाड़ ने जो हांड़ कंपाया वह हर उम्र को समझ में आ गया। पछुआ हवाओं ने शरीर को कुछ इस कदर बेधा कि मौसम लोगों को सताता हुआ नजर आने लगा....

अलाव तापते लोग....
sonbhadra
10:38 PM, January 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मौसम नए साल पर सोमवार को कहीं अधिक तल्ख नजर आया। सोमवार को जाड़ ने जो हांड़ कंपाया वह हर उम्र को समझ में आ गया। पछुआ हवाओं ने शरीर को कुछ इस कदर बेधा कि मौसम लोगों को सताता हुआ नजर आने लगा।सोमवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। शीत लहर चलने से सामान्य से अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह से रात तक गलन अधिक रही, जिससे जनपदवासी ठिठुरते रहे। गरम कपड़ों और रजाई में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने मंगलवार को ठण्ड बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है।
सोमवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। जहाँ अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था तो वहीं न्यूनतम तापमान भी रविवार की अपेक्षा 5.1 डिग्री गिरकर 6.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह शीत लहर का यलो अलर्ट जारी किया है। आसमान में बादल छाए रहने और कोहरा होने की वजह से सुबह सात बजे भी अंधेरा छाया रहता है। इसके अलावा मैदानों पर सुबह के समय पाला भी दिखाई देता है। यह ठंड सरसों की खेती के लिए नुकसान दायक बताई जा रही है। वहीं गेहूं फसल के लिए अमृत साबित हो रही है। गेहूं की खेती करने वाले किसान काफी प्रसन्न है। उन्हें अच्छी फसल की उम्मीद है। वहीं सरसों में पाले की वजह से बीमारी का खतरा बढ़ गया है।




