Sonbhadra News : 8 माह से मानदेय न मिलने पर मनरेगा कर्मियों ने खोला मोर्चा, कलमबंद हड़ताल की दी चेतावनी
8 माह से मानदेय न मिलने पर मनरेगा कर्मियों ने खोला मोर्चा.....

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते मनरेगा कर्मचारी.....
sonbhadra
1:49 PM, March 9, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । लंबे समय से मानदेय न मिलने से नाराज मनरेगा कर्मियों ने ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में आज बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
आज मनरेगा कर्मचारी और ग्राम रोजगार सेवक समेत तकनीकी सहायक, लेखा सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित बड़ी संख्या में कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। मनरेगा कर्मियों ने लंबित मानदेय भुगतान करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर सीएम को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबित वेतन के कारण कर्मचारियों के सामने भरण-पोषण का संकट पैदा हो गया है। समय पर मानदेय न मिलने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने कहा कि "हम लोगों का मानदेय आठ माह से लंबित है। होली जैसे पर्व पर हम लोगों का मानदेय का भुगतान नहीं किया गया। जिससे हम लोगों की होली फीकी रह गई। बच्चों की फीस, बुढ़े माँ-बाप की दवा, दो वक्त की रोटी के लिए मनरेगा कर्मचारी भूखमरी के कागार पर खड़े है। कार्यालय आने-जाने में भी काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। कार्य को लेकर शासन द्वारा काफी दबाव बनाया जा रहा है लेकिन हमारे मानदेय के भुगतान सम्बन्धित कोई कार्यवाही नही की जा रही है और मनरेगा कर्मचारियों का ईपीएफ पिछले 2015 से कट रहा है। जिसके सम्बन्ध में शासन द्वारा कई बार आदेशित किया गया है, परन्तु अभी तक पूर्ण रूप से मनरेगा कर्मचारियों के खाते में ईपीएफ का पैसा जमा नहीं किया गया, जिससे कोई दुर्घटना होने पर उनके परिवार के लोग लाभ से वंचित रह जाते है। मनरेगा कर्मचारियों का मानदेय अन्य सभी प्रदेशों की भॉति उत्तर प्रदेश में भी मानदेय वृद्धि की जाय। जैसे हिमांचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार जैसे राज्यों में मनरेगा कर्मचारियों को जो सुविधायें उपलब्ध करायी जाती है। उत्तर प्रदेश में भी पूर्ण रूप से भी लागू किया जाय। जिससे हम अपने परिवार भरण-पोषण कर सकें। उन्होंने चेतावनी दिया कि यदि हमारी मांगों पर तत्काल प्रभाव से कोई कार्यवाही नही हुई तो हम लोग जनपद में कलम बन्द हड़ताल करने को बाध्य होगें।"




