Sonbhadra News : "सोन की माटी सोन का दम, आओ मिलकर खेले हम" की थीम पर आयोजित होगा विधायक खेल महाकुम्भ
जनपद में आगामी 25 दिसंबर से शुरू होने वाले विधायक खेल महाकुंभ का आज सदर विधायक भूपेश चौबे ने नगर के प्रतिष्ठित हाईडिल मैदान पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर आयोजन की तैयारियों का शुभारम्भ.....

भूमि पूजन कर विधायक खेल महाकुम्भ की तैयारियों का शुभारम्भ करते सदर विधायक भूपेश चौबे व अन्य....
sonbhadra
5:48 PM, December 12, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सदर विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर किया विधायक खेल महाकुम्भ की तैयारियों का शुभारम्भ
सोनभद्र । जनपद में आगामी 25 दिसंबर से शुरू होने वाले विधायक खेल महाकुंभ का आज सदर विधायक भूपेश चौबे ने नगर के प्रतिष्ठित हाईडिल मैदान पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर आयोजन की तैयारियों का शुभारम्भ किया। वहीं भूमि पूजन में उपस्थित लोगों ने शुभ मुहूर्त में भगवान का आह्वान कर कार्यक्रम की सफलता की कामना की गई।
भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित होगा विधायक खेल महाकुम्भ -
भूमि पूजन के बाद सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि "इस बार का विधायक खेल महाकुंभ भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित होगा। विधायक खेल महाकुम्भ युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी समरसता, सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक उन्नति का बड़ा माध्यम बन चुके हैं। राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को शिक्षा में छूट से लेकर विभिन्न नौकरियों में विशेष अवसर मिल रहे हैं। खेल कोटे के माध्यम से भी अनेक नियुक्तियाँ हो रही हैं।"
प्रत्येक विकास खंड में बनेगा मिनी स्टेडियम -
सदर विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि "सोनभद्र जैसे जनपद में ऐसे खेलों का आयोजन युवाओं के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। गत दिनों सोनभद्र दौरे पर आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद में ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रत्येक विकास खंडों में एक स्टेडियम बनाने की घोषणा की है, जिसके क्रम में जिला प्रशासन स्थान तलाशने में जुटा हुआ है।"
बोले खेल प्रेमी, पुरे वर्ष रहता है विधायक खेल महाकुम्भ का इंतजार -
खेलप्रेमियों अमन राज पाण्डेय, चमन पाण्डेय, पंकज ओझा, विवेक शुक्ला, अंशु चौबे आदि ने बताया कि "विधायक खेल महाकुम्भ के आयोजन ने स्थानीय खिलाड़ियों को एक बेहतर प्लेटफॉर्म प्रदान किया है। ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं को भी अपना हुनर दिखाने का मौका मिलता है। सबसे बड़ी बात इससे उत्साहित होकर युवा खिलाड़ियों को भी अच्छा खेलने और अपने जिले, राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने की प्रेरणा मिलती है।"
ये रहे मौजूद -
इस अवसर पर अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला मंत्री संतोष शुक्ला, भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, मंडल अध्यक्ष चूर्क दिलीप चौबे, रामा हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ0 सिद्धार्थ शंकर मिश्रा, अधिवक्ता रियाजुद्दीन खान, विजय विनीत तिवारी, संजय जायसवाल, सुनील सिंह, गुडिया तिवारी, ज्योति खरवार, राजेश चौबे, अमित देव पाण्डेय, संतोष सिंह, अजय पांडेय, अजय मिश्रा, गौरव शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और खेल प्रेमी मौजूद रहे।



