Sonbhadra News : पीएम की नसीहत भूले मंत्री जी! पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के बीच दर्जनों गाड़ियों के काफिले संग पहुंचे कलेक्ट्रेट
एक ओर केंद्र सरकार आम जनता को पेट्रोल-डीजल बचाने और ऊर्जा संरक्षण का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर उसी सरकार के जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रमों में वीआईपी संस्कृति की झलक लगातार सवाल खड़े कर रही है...

sonbhadra
6:12 PM, June 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• वीआईपी संस्कृति पर उठे सवाल, वीडियो बना रहे पत्रकारों से कथित अभद्रता के बाद माफी मांगकर किया बचाव
सोनभद्र । एक ओर केंद्र सरकार आम जनता को पेट्रोल-डीजल बचाने और ऊर्जा संरक्षण का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर उसी सरकार के जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रमों में वीआईपी संस्कृति की झलक लगातार सवाल खड़े कर रही है। गुरुवार को जिले के नवनियुक्त प्रभारी मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा के प्रथम सोनभद्र आगमन के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जिसने सरकारी संदेश और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर कर दिया।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 जून से 21 जून तक चलने वाले जन-जागरूकता अभियान की समीक्षा के लिए प्रभारी मंत्री सोनभद्र पहुंचे थे। सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद जब उनका काफिला कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुआ तो उसके साथ एक-दो नहीं बल्कि दर्जनभर से अधिक वाहनों का लंबा कारवां दिखाई दिया। जन-जागरूकता और संसाधन बचाने का संदेश देने पहुंचे मंत्री के कार्यक्रम में वाहनों की यह भीड़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
मामला यहीं नहीं रुका। कलेक्ट्रेट परिसर में जब पत्रकार इस पूरे काफिले का वीडियो बना रहे थे, तभी खुद को मंत्री का प्रतिनिधि बताने वाले एक युवक ने कथित तौर पर मीडियाकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। पत्रकारों द्वारा विरोध जताने पर माहौल कुछ देर के लिए गर्म हो गया। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ हुए इस व्यवहार को लेकर मौके पर मौजूद पत्रकारों में भारी नाराजगी देखी गई।
पत्रकारों ने जब प्रभारी मंत्री से इस मुद्दे पर सीधा सवाल किया तो उन्होंने पत्रकारों से हुई अभद्रता पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी और कहा कि पत्रकार उनके भाई समान हैं। हालांकि काफिले को लेकर उन्होंने सफाई दी कि उनका यह पहला जनपद आगमन था और स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समर्थक स्वयं अपने वाहनों से पहुंच गए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने लोगों से कम वाहनों के साथ आने की अपील की थी, लेकिन उत्साहवश समर्थक बड़ी संख्या में आ गए।




