Sonbhadra News : खरमास बाद 17 जनवरी को होगा सामूहिक विवाह समारोह
15 जनवरी को खरमास समाप्त हो जाएगा, 17 जनवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह होगा। प्रशासन ने तैयारियां शुरू करा दी हैं। समारोह के आयोजन स्थल का चयन होना बाकी है....

जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव
sonbhadra
5:59 PM, December 28, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । 15 जनवरी को खरमास समाप्त हो जाएगा, 17 जनवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह होगा। प्रशासन ने तैयारियां शुरू करा दी हैं। समारोह के आयोजन स्थल का चयन होना बाकी है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना के तहत गरीब बेटियों की शादी पर सरकार 51 हजार रुपये अनुदान प्रदान करती है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 17 जनवरी 2025 को जनपद में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जनपद के सभी विकास खंडों में संचालित होगा, जिसके लिए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि "योजना का लाभ उठाने के इच्छुक लाभार्थी योजना के पोर्टल cmsvy.up.gov.in पर जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करें। पंजीकरण की प्रक्रिया सरल है और आवेदनकर्ता को अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन करना सुनिश्चित करना होगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह में सहायता प्रदान करना है। सामूहिक विवाह के तहत दंपतियों को विवाह समारोह के साथ-साथ आवश्यक सामग्री और वित्तीय सहायता दी जाती है। उन्होंने अपील किया कि पात्र लाभार्थी योजना का लाभ उठाएं और पंजीकरण में किसी भी प्रकार की देरी न करें।"




