Sonbhadra News : डॉक्टर्स डे और सीए डे पर मारवाड़ी युवा मंच ने किया प्रतिभाओं का सम्मान
सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर योगदान को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी युवा मंच महिला सोन शाखा, रॉबर्ट्सगंज की ओर से डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर सम्मान......

sonbhadra
8:40 AM, July 2, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर योगदान को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी युवा मंच महिला सोन शाखा, रॉबर्ट्सगंज की ओर से डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ0 बीना सिंह तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट शुभम कुमार अग्रवाल को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंच की सदस्यों ने दोनों सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर समाज सेवा की कामना की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के प्रति सम्मान प्रकट करना और नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश देना रहा।
मंच की अध्यक्ष सुनीता सांवरिया ने कहा कि "डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट दोनों ही समाज की महत्वपूर्ण धुरी हैं। डॉक्टर जहां अपने ज्ञान और सेवा भाव से लोगों का जीवन बचाते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे समर्पित और कर्मठ व्यक्तित्वों का सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात है। मारवाड़ी युवा मंच महिला सोन शाखा आगे भी समाजहित और सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।"
कार्यक्रम में मंच की प्रांत सदस्या अंकिता केजरीवाल, सचिव चित्रा जालान, कोषाध्यक्ष पूनम केडिया, महिला मंडल की अध्यक्षा अनीता थर्ड, एकता केजरीवाल, रीतु अग्रवाल सहित मंच की कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।




