चोपन (सोनभद्र) । समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को रेलवे फुटबॉल मैदान, चोपन में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के कुशल पर्यवेक्षण में कुल 324 जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जिसमें 322 हिन्दू एवं 2 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम में विकास खंड चोपन से 77, कोन से 65, दुद्धी से 68, म्योरपुर से 59 तथा बभनी से 55 पात्र जोड़ों ने भाग लिया। इस अवसर पर राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव गोड़, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला विकास अधिकारी, विभिन्न खंड विकास अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान किया।