Sonbhadra news : बरसात से गेहूं की सुरक्षा के करें इंतजाम : अवधेश कुमार सिंह
बदलते मौसम और रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी का असर गेहूं खरीद पर साफ देखने को मिल रहा है।

sonbhadra
6:32 PM, April 30, 2026
राकेश चौबे
★ खराब मौसम से क्रय केंद्रों पर घटा आवक, कई जगह खरीद रही शून्य
सोनभद्र। जनपद में बदलते मौसम और रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी का असर गेहूं खरीद पर साफ देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को खराब मौसम के चलते अधिकांश गेहूं क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा और कई केंद्रों पर खरीद पूरी तरह ठप रही। बारिश के कारण किसान भी अपने गेहूं को भीगने से बचाने के लिए क्रय केंद्रों तक नहीं पहुंचे।
मारकुंडी, जुगैल, बटबंतरा, सोढ़ा और शिवपुर सहित कई केंद्रों पर दिनभर खरीद शून्य रही। इसी क्रम में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक के निर्देश पर एडीसीओ रॉबर्ट्सगंज अवधेश कुमार सिंह ने गयारतवल और बटबंतरा क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बटबंतरा केंद्र पर दो किसानों—राजकुमार और बुद्धिराम—के गेहूं की तौल कराई गई। यहां अब तक कुल 16 किसानों से लगभग 638 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। केंद्र प्रभारी प्रदीप सिंह ने जानकारी दी कि केंद्र पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
एडीसीओ ने केंद्र परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सड़क से केंद्र तक पहुंचने वाले ढाल मार्ग को सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद नीति का पूरी पारदर्शिता के साथ पालन किया जाए, लेकिन गुणवत्ता जांच के नाम पर किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बारिश से बचाव के पर्याप्त इंतजाम कर अपने गेहूं को सुरक्षित रखें और मौसम साफ होने पर ही केंद्रों पर लाएं।
निरीक्षण के दौरान सचिव महेंद्र कुमार सिंह, प्रदीप सिंह, संजय पटेल, विनोद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




