Sonbhadra News : सूझबूझ और बहादुरी से टली बड़ी अनहोनी, महिला व मासूम की बची जान
चोपन थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुरुहुल गांव निवासी गीता देवी, पत्नी अनिल यादव, ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने तीन वर्षीय बच्चे के साथ सोन नदी में छलांग लगा दी।

sonbhadra
5:53 PM, April 2, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । चोपन थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुरुहुल गांव निवासी गीता देवी, पत्नी अनिल यादव, ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने तीन वर्षीय बच्चे के साथ सोन नदी में छलांग लगा दी।
घटना रात करीब 11 बजे की है। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पास स्थित सोन पम्प पावर हाउस पर मौजूद अधिकारियों का ध्यान मौके की ओर गया। उपखंड अधिकारी (प्रथम) रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र सिंह, उपखंड अधिकारी प्रदीप गुप्ता और सहायक अभियंता (भंडार) मयंक वर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि महिला नदी में डूब रही है और स्थिति बेहद गंभीर है। ऐसे में उपखंड अधिकारी (प्रथम) के वाहन चालक बबलू कुमार ने अदम्य साहस दिखाते हुए बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद तुरंत डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। महिला को सुरक्षित चिकित्सा सहायता के लिए टीम को सौंप दिया गया।
समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि सुबह पति-पत्नी के बीच सुलह हो गई और दोनों अपने घर लौट गए।




