Sonbhadra News : दुद्धी सीएचसी में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, डॉ0 शाह आलम की छुट्टी, डॉ0 वरुणा निधि को मिली कमान
आदिवासी बाहुल्य दुद्धी क्षेत्र के हजारों गरीब और वनवासी परिवारों की स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे बड़ा केंद्र मानी जाने वाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओ........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
9:18 AM, August 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आदिवासी बाहुल्य दुद्धी क्षेत्र के हजारों गरीब और वनवासी परिवारों की स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे बड़ा केंद्र मानी जाने वाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं पर आखिरकार स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 शाह आलम को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर डॉ0 वरुणा निधि को नया चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सीएचसी दुद्धी पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बनी हुई थी। मरीजों और तीमारदारों की ओर से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, व्यवस्थाओं में लापरवाही तथा प्रशासनिक शिथिलता की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इस बीच प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 शाह आलम का अपने आवास पर मरीजों को देखते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही की प्रक्रिया तेज कर दी गई।
इससे पहले जिले के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सीएचसी दुद्धी का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई कमियाँ और अव्यवस्थाएं उजागर हुई थीं। अस्पताल की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी मंत्री ने मौके पर ही प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई थी और स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और कथित वायरल वीडियो ने चिकित्सा अधीक्षक की कार्यशैली पर ही सवालिया निशान लगा दिया था।
बताते चलें कि आदिवासी अंचल दुद्धी, म्योरपुर, बभनी सहित आसपास के सुदूर गांवों के हजारों लोगों के लिए सीएचसी दुद्धी ही उपचार का सबसे बड़ा सहारा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अस्पताल जीवनरेखा माना जाता है। ऐसे में यहां की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे गरीब और जरूरतमंद मरीजों के इलाज को प्रभावित करती है।
वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि "सीएचसी दुद्धी में लगातार मिल रही शिकायतों, निरीक्षण में सामने आई कमियों तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद प्रशासनिक दृष्टि से यह निर्णय लिया गया है। अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण और जवाबदेह स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नई चिकित्सा अधीक्षक को अस्पताल की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।"




