Sonbhadra news : महाविघ्नेश्वर पूजा समिति ने कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
महाविघ्नेश्वर पूजा समिति घोरावल के तत्वावधान में श्रीरामेश्वर रामलीला मंच पर छह दिवसीय पूजा संपन्न होने के बाद शनिवार की रात कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

sonbhadra
7:29 PM, September 27, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल, सोनभद्र। महाविघ्नेश्वर पूजा समिति घोरावल के तत्वावधान में श्रीरामेश्वर रामलीला मंच पर छह दिवसीय पूजा संपन्न होने के बाद शनिवार की रात कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों सहित नगर के गणमान्य लोगों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
प्रतिमा विसर्जन के बाद आयोजित समारोह में भंडारे का भी आयोजन हुआ। प्रसाद वितरण से पूर्व मंच पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूजा आयोजन में तन-मन से समर्पित होकर योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं एवं नगर के वरिष्ठ लोगों को बारी-बारी से तिलक लगाकर अंगवस्त्र ओढ़ाया गया तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सांगठनिक विषयों के साथ धर्म एवं संस्कृति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। विहिप के विभाग मंत्री एवं पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज और धर्म के प्राण हैं। धर्म एवं संस्कृति की रक्षा करना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि गौ माता, गंगा और गीता की रक्षा के लिए संगठन प्रतिबद्ध है। सनातन संस्कृति संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानती है और सनातन धर्म सदैव मानव, जीव-जंतु एवं पशु-पक्षियों के कल्याण की कामना करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देवेंद्र नाथ दुबे ने की, जबकि संचालन रामानंद पांडेय ने किया। समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके बाद रात करीब दस बजे देवी जागरण एवं झांकी का मनमोहक कार्यक्रम शुरू हुआ। हनुमान जी, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, महाकाल, आदिशक्ति दुर्गा और महाकाली की आकर्षक सजीव झांकियों का मंचन किया गया। झांकियों को देखने के लिए देर रात तक लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस दौरान महाविघ्नेश्वर पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार, बाबूलाल शर्मा, रामानंद पांडेय, कृष्ण कुमार किसानु, अशोक अग्रहरि, जय प्रकाश सेठ, अनुराग अग्रहरि, अरुण भोजवाल, वैभव, दिव्यांश अग्रहरि, कार्तिकेय, काव्या, विनायक, विवेक उमर, प्रद्युम्न, अमन उमर, राहुल, बब्बू, नंदलाल, सोनू उमर, सूर्या गुप्ता, आयुष भोजवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




