Sonbhadra news : गणिनाथ गोविंद महाराज के पूजनोत्सव में उमड़ा मदेशिया समाज, शिक्षा पर दिया जोर
कोन रामलीला मैदान में शनिवार को मदेशिया समाज के कुलदेवता भगवान गणिनाथ गोविंद महाराज का पूजनोत्सव एवं जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

sonbhadra
7:27 PM, September 19, 2026
पीके विश्वकर्मा (संवाददाता)
कोन, सोनभद्र। कोन रामलीला मैदान में शनिवार को मदेशिया समाज के कुलदेवता भगवान गणिनाथ गोविंद महाराज का पूजनोत्सव एवं जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सोनभद्र के अलावा बिहार और झारखंड से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार समेत अन्य अतिथियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया। आयोजक राजू बाबा ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। समाज के लोगों ने कुलदेवता को नमन करते हुए उनके आदर्शों और विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और सामाजिक विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए परिवार और समाज को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और नई पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया गया।
इस दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक राजू बाबा के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में दुद्धी चेयरमैन कमलेश मोहन, राजाराम गुप्ता, बैजनाथ गुप्ता, नंदलाल, दिलीप गुप्ता, चमरु साह, अशोक निराला समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। संचालन राजू बाबा एवं अशोक निराला ने किया।




