Sonbhadra News: वनाधिकार पट्टे की मांग को लेकर डीएम से मिले कोल बिरादरी के लोग, 50 वर्षों से जमीन पर बसे परिवारों ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि वर्षों से बसे परिवारों की जमीन का स्थलीय सत्यापन कराया जाए और पात्र परिवारों को नियमानुसार वनाधिकार पट्टा उपलब्ध कराया जाए।

sonbhadra
7:37 PM, November 18, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा तहसील के बिल्ली-मारकुंडी ग्राम पंचायत के विभिन्न टोलों में वर्षों से निवास कर रहे कोल बिरादरी के लोगों ने वनाधिकार पट्टा और जमीन पर मालिकाना हक की मांग को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की। महादेव सेना ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्भय चौधरी और ग्राम पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गोविंद भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि कोल बिरादरी के कई परिवार पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से अपनी जमीन पर घर बनाकर रह रहे हैं। लंबे समय से निवास करने के बावजूद उन्हें अब तक जमीन का पट्टा और आवासीय अधिकार नहीं मिल सका है। इससे इन परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि वर्षों से बसे परिवारों की जमीन का स्थलीय सत्यापन कराया जाए और पात्र परिवारों को नियमानुसार वनाधिकार पट्टा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनके आवासीय कब्जे को मान्यता देते हुए जमीन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उन्हें अपने घर और जमीन पर कानूनी अधिकार मिल सके। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से जल्द समाधान कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में गणेश कोल, संजय भारती, राज नारायण, बंशी, कलावती, बूतवा, चौरसिया और चंदा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या को गंभीरता से लेते हुए पात्र परिवारों को वनाधिकार पट्टा दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे।




