मंगलवार रात करीब 8:20 बजे किसी तरह पीआरवी को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर के पर्यवेक्षण में थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस और पीआरवी 8507 की टीम मौके पर पहुंची। मोबाइल बंद होने के कारण लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल था, ऐसे में पुलिस टीम ने घने जंगल में टॉर्च, सीटी और लाउडस्पीकर के सहारे सर्च ऑपरेशन चलाया। दुर्गम रास्ते, अंधेरा और सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार तलाश जारी रखी। करीब 6 से 8 घंटे तक चले इस कठिन अभियान के बाद पुलिस ने सभी 10 श्रद्धालुओं को सुरक्षित खोज निकाला। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।