Sonbhadra News : लंबित मानदेय भुगतान को लेकर साक्षरता कर्मियों ने सौपा ज्ञापन
साक्षरता कर्मियों का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। साक्षरता कर्मी अपने लंबित मानदेय के लिए पिछले 8 वर्षों से गुहार लगा रहे हैं।

sonbhadra
3:22 PM, May 18, 2026
सोनभद । साक्षरता कर्मियों का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। साक्षरता कर्मी अपने लंबित मानदेय के लिए पिछले 8 वर्षों से गुहार लगा रहे हैं।
जिलाधिकारी को दिये ज्ञापन में साक्षरता कर्मियों ने बताया कि जिले में सभी साक्षरता कर्मी पूर्व में साक्षर भारत मिशन के अंतर्गत संविदा पर कार्यरत थे, जिनकी संविदा 31 मार्च 2018 को समाप्त कर दी गई थी। साक्षरता मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मियों में प्रेरक (ग्राम पंचायत स्तर), ब्लॉक समन्वयक (ब्लॉक स्तर) तथा जिला समन्वयक (जिला स्तर) सम्मिलित थे। उन्होंने बताया कि सभी साक्षरता कर्मियों का लगभग 2 वर्ष का मानदेय आज तक लंबित है, जिसके भुगतान हेतु वे कई बार गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने प्रशासन को बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है। ऐसे में लम्बित मानदेय मिलने से उन्हें काफी राहत होगी। साक्षरता कर्मियों ने बताया कि उन्हें लखनऊ निदेशालय स्तर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सा० एवं वै० शि0/16232-364/2025-26 दिनांक 27 मार्च 2026 द्वारा प्रदेश के समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को साक्षरता कर्मियों के सत्यापन संबंधी सूचना उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया था। परंतु जानकारी के अनुसार जनपद सोनभद्र से अभी तक उक्त सत्यापन संबंधी सूचना निदेशालय को उपलब्ध नहीं कराई गई है। यदि समय से सत्यापन रिपोर्ट प्रेषित नहीं की गई तो सभी साक्षरता कर्मियों का लंबित मानदेय भुगतान बाधित हो सकता है।
उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि साक्षरता कर्मियों की आर्थिक समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए इस प्रकरण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र को आवश्यक निर्देश प्रदान करने की कृपा करें, ताकि साक्षरता कर्मियों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कर निदेशालय स्तर पर सूचना प्रेषित की जा सके जिससे सभी का लंबित मानदेय भुगतान सुनिश्चित हो सके।




