Sonbhadra news : झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
क्षेत्र में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार बरसात के चलते सड़कों, खेतों और निचले इलाकों में पानी भर गया है।

sonbhadra
8:24 PM, August 25, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार बरसात के चलते सड़कों, खेतों और निचले इलाकों में पानी भर गया है। कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। चहुंओर पानी ही पानी नजर आने से लोगों की दिनचर्या और आवागमन प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश से सूखे पड़े तालाब, पोखरे और अन्य जलस्रोत लबालब हो गए हैं। पहाड़ी नालों से जुड़े गांवों में पानी का बहाव तेज होने से ग्रामीणों को सतर्क रहना पड़ रहा है। वहीं कच्चे और जर्जर मकानों पर खतरा मंडराने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। कुछ स्थानों पर कमजोर कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है।
किसानों के चेहरे पर लौटी रौनक
लगातार बारिश ने आम जनजीवन को भले प्रभावित किया हो, लेकिन किसानों के लिए यह राहत लेकर आई है। पानी के अभाव में प्रभावित हो रही धान की फसल को बारिश से संजीवनी मिली है। खरीफ की अन्य फसलों को भी पर्याप्त नमी मिलने से किसानों को राहत मिली है। हालांकि कई खेतों में जरूरत से ज्यादा पानी भर जाने से निराई-गुड़ाई का काम प्रभावित हुआ है।
ग्रामीण किसान भुवनेश्वर मौर्य, रामविलास सिंह, लाल बहादुर और लक्ष्मी प्रसाद पटेल ने खेतों का जायजा लेते हुए बताया कि बारिश से खेती को काफी फायदा हुआ है। उनका कहना है कि यदि अगले दो-चार दिनों में खेतों से पानी निकल जाता है तो धान की फसल को विशेष नुकसान की संभावना कम है।
बारिश थमने पर मिली राहत
कई दिनों से जारी बारिश के कारण लोगों के दैनिक कामकाज और आवागमन पर असर पड़ा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक बारिश थम गई थी और धूप-छांव का दौर शुरू हो गया था, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश ने खेती को संजीवनी जरूर दी है, लेकिन लगातार जलभराव और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए प्रभावित गांवों में प्रशासन को निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। लोगों ने कमजोर मकानों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।




