Sonbhadra News : रावर्ट्सगंज तहसील में लेखपाल संघ का धरना जारी, SDM हटाने की मांग पर अड़े
तहसील रॉबर्ट्सगंज के सभी लेखपाल SDM सदर के ट्रांसफर की मांग कर रहे हैं। लेखपालों का कहना है कि वर्तमान SDM सदर के रहते कामकाज नहीं हो पाएगा और जब तक उनका ट्रांसफर नहीं हो जाता है तब तक हड़ताल रहेगा।

sonbhadra
2:49 PM, September 29, 2026
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। रावर्ट्सगंज तहसील पर कल शाम से शुरू हुआ धरना आज दूसरे दिन भी जारी रहा। SDM हटाओ नारे के साथ लेखपाल धरने पर डटे रहे। लेखपाल संघ SDM सदर पर तानाशाही रवैया अपनाने और लेखपालों के साथ दुव्यवहार तथा मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है।
तहसील रॉबर्ट्सगंज के सभी लेखपाल SDM सदर के ट्रांसफर की मांग कर रहे हैं। लेखपालों का कहना है कि वर्तमान एसडीएम सदर के रहते कामकाज नहीं हो पाएगा और जब तक उनका ट्रांसफर नहीं हो जाता है तब तक वे कार्य से विरत रहेंगे।
लेखपाल संघ के मंत्री साजिद खां ने बताया कि SDM द्वारा बिना नियम कानून के धारा 24 उ0 प्र0 रा0 संहिता 2006 में पत्थरगढ़ी और फील्डबुक न जमा करने पर लेखपाल रामचन्द्र पर विभागीय कार्यवाही बैठा दी गयी है। जबकि धारा 24 की पैमाइश में लेखपाल का कोई विधिक रोल नही होता । उन्होंने बताया कि रामचन्दर लेखपाल का DPC होने जा रहा है, जिसमें जांच आख्या जांच अधिकारी द्वारा दे दिए जाने के बावजूद भी इनके द्वारा विभागीय कार्यवाही समाप्त नहीं की गई, ऊपर से बोला जा रहा है कि मैं समाप्त नही करूँगा, जिसको जो करना है कर ले।
कुल मिलाकर लेखपालों धरने पर चले जाने से रावर्ट्सगंज तहसील में कामकाज ठप गया है । इतना ही नहीं जो ग्रामीण काम लेकर तहसील आ रहे हैं उन्हें वापस जाना पड़ रहा है। वहीं युवाओं के बनने वाले चरित्र, आय - जाति, निवास प्रमाण पत्र भी नहीं बन रहे, जिससे युवाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में देखने वाली बात है यह है कि जिलाधिकारी इस पूरे मामले पर क्या रास्ता निकालते हैं।
धरने पर तहसील अध्यक्ष संजय सिंह, मंत्री साज़िद खान, अभिनव, शैलेन्द्र, मनीष, रामचन्द्र, पंकज, मुकेश, सुधीर, अभिषेक, रत्नेश, संजीव श्रीवास्तव, रेशमा, कंचन, वन्दना, श्वेता, हरिंदर, हिरदेश, मदन मोहन, कृष्ण कांत दुबे आदि लेखपाल मौजूद रहें।




