Sonbhadra News : भटक कर घर के बाथरूम में घुसा लंगूर, 24 घंटे बाद भी नहीं मिली मदद, गृह स्वामी ने लगाई मदद की गुहार
डाला क्षेत्र के ग्राम सभा बिल्ली मारकुंडी के बाड़ी स्थित एक घर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गया जब बाथरूम में अचानक से दहाड़ मारता हुआ एक लंगूर पहुंच गया

sonbhadra
2:49 PM, March 25, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । स्थानीय क्षेत्र के ग्राम सभा बिल्ली मारकुंडी के बाड़ी स्थित एक घर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गया जब बाथरूम में अचानक से दहाड़ मारता हुआ एक लंगूर पहुंच गया। बच्चे डर के मारे घरों में घुस गए। घर के बड़े भी दहशत में आ गए। 24 घंटे से भी ज्यादा समय हो गया पर वन विभाग से कोई मदद नहीं मिल सकी ।
मंगलवार को भटक कर एक लंगूर बिल्ली मारकुंडी के बाड़ी स्थित गुलाम मुर्तुजा पुत्र सदरूद्दीन अंसारी के घर के बाथरूम में घुस गया। अचानक लंगूर घुसने से परिवार में हड़कम्प मच गया। घर वालों ने पहले वन विभाग को फोन किया लेकिन वन विभाग द्वारा मदद करने से इनकार कर दिया । इसके बाद परिवार और फिर ग्राम पंचायत के स्थानीय प्रतिनिधि को फोन कर मदद की गुहार लगाई। लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। 24 घंटे से अधिक का समय बीत गया लेकिन किसी के द्वारा अब तक कोई मदद नहीं की गयी। परिवार भगवान भरोसे मदद के इंतजार में बैठा है।
गृह स्वामी गुलाम मुर्तुजा अंसारी ने बताया कि उन्होंने वन विभाग के उच्च अधिकारी सहित डाला बीट के प्रभारी को फोन किया लेकिन उनके द्वारा साफ इनकार कर दिया गया और कहा गया कि यह काम ग्राम पंचायत का है । उन्होंने कहा कि लंगूर को पकड़ने का काम उनका नहीं है। यह वन्य जीव नहीं है।
गृह स्वामी ने बताया कि लंगूर बाथरूम के दरवाजे के पास बैठा है जिससे शौच जाने में दिक्कतें हो रही है । फिल्हाल गुलाम मुर्तुजा द्वारा बुधवार की दोपहर में वन विभाग द्वारा जारी किए गए डायल 1926 पर कंप्लेंट दर्ज करते हुए रेस्क्यू की गुहार लगाई गई है । ऐसे में उम्मीद है कि जल्द गुलाम मुर्तुजा के घर मदद पहुँच सकती है।



