Sonbhadra News : मांगों पर सरकार की अनदेखी से भड़के कोटेदार, अगस्त से राशन वितरण के बहिष्कार का किया ऐलान
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की रीढ़ माने जाने वाले उत्तर प्रदेश के उचित दर विक्रेता (कोटेदार) अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। वर्षों से लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम आय की..........

विभिन्न मांगो को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते कोटेदार.......
sonbhadra
12:59 PM, July 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सार्वजनिक वितरण प्रणाली की रीढ़ माने जाने वाले उत्तर प्रदेश के उचित दर विक्रेता अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। वर्षों से लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम आय की गारंटी की मांग को लेकर आंदोलनरत कोटेदारों ने प्रदेश सरकार की कथित अनदेखी पर कड़ा रोष जताते हुए अगस्त 2026 के खाद्यान्न वितरण के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। एसोसिएशन का कहना है कि यदि समय रहते मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश में अगस्त माह से सार्वजनिक वितरण रोक दी जाएगी।
ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि "वे सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें मात्र 10 रुपये प्रति क्विंटल का लाभांश दिया जाता है। बढ़ती महंगाई, परिवहन, दुकान संचालन, बिजली, श्रमिकों के भुगतान और अन्य खर्चों के बीच यह राशि ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। उनका कहना है कि इतने कम लाभांश में दुकान का संचालन और परिवार का भरण-पोषण दोनों संभव नहीं है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा, दिल्ली, गोवा और गुजरात जैसे राज्यों में उचित दर विक्रेताओं को उत्तर प्रदेश की तुलना में कई गुना अधिक लाभांश अथवा न्यूनतम मासिक आय की गारंटी दी जा रही है। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश के कोटेदारों की वर्षों पुरानी मांगों पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।"
कोटेदारों का आरोप है कि "उन्होंने कई बार शासन और विभाग के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, ज्ञापन सौंपे और वार्ता की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। सरकार की इस उदासीनता के कारण हजारों कोटेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और कई लोगों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इसी नाराजगी के बीच एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि जिले के सभी कोटेदार 28 जुलाई को लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे साथ ही सोनभद्र सहित प्रदेश के लगभग 80 हजार उचित दर विक्रेता अगस्त 2026 के खाद्यान्न वितरण का सामूहिक बहिष्कार भी करेंगे। इस दौरान वे राशन वितरण से जुड़े किसी भी कार्य में भाग नहीं लेंगे। उन्होंने कहा है कि यदि इससे आम उपभोक्ताओं को कोई असुविधा होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और प्रदेश सरकार की होगी, क्योंकि लंबे समय से उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है।"
इस दौरान अजय विश्वकर्मा, निकी देवी, वीरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, आमोद कुमार, लाची देवी, रमेश, ओमप्रकाश, राकेश, राम विश्वास, मनोज कुमार, पवन कुमार यादव, रीना, अंशु देवी, रामबली, राम आधार, दशरथ, राजेंद्र, विद्या देवी, नखडू सहित बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।




