Sonbhadra News: करवा चौथ आज...सुहागिनों ने हाँथों में रचाई पति के प्यार की मेंहदी
सुहाग पर्व करवा चौथ आज मनाया जायेगा। इस दौरान सुहागिनें अखंड सुहाग के लिए निराहार रहकर व्रत रखेंगी। शाम के बाद महिलाएं कहीं पति का दर्शन कर व्रत खोलेंगी तो कहीं पति भी व्रत रख कर पत्नी का साथ देंगे...

बाजार में खरीदारी करती सुहागिन महिलाएं...
sonbhadra
9:54 AM, October 20, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सुहागिन महिलाएं करेंगी पति के लम्बी उम्र की कामना
• मध्य रात्रि तक बाजारों में रही रौनक़
सोनभद्र । सुहाग पर्व करवा चौथ आज मनाया जायेगा। इस दौरान सुहागिनें अखंड सुहाग के लिए निराहार रहकर व्रत रखेंगी। शाम के बाद महिलाएं कहीं पति का दर्शन कर व्रत खोलेंगी तो कहीं पति भी व्रत रख कर पत्नी का साथ देंगे। करवा चौथ को लेकर शनिवार को शहर के बाजारों में काफी चहल पहल रही। पत्नियों ने श्रृंगार सामग्रियों की खरीदारी के साथ-साथ मेहंदी भी हाथों में रचायी। करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। इसी उत्साह के साथ बाजारों में जमकर खरीदारी की गई। रॉबर्ट्सगंज नगर के बाजारों के साथ-साथ रामगढ़, चतरा, मधुपुर, चुर्क, शाहगंज आदि बाजारों में दोपहर बाद से भीड़ बढ़ गई जहां देर शाम तक खरीदारी होती रही।
चंद्र दर्शन के बाद अर्घ्य देकर खोलेंगी व्रत -
आचार्य शिव कुमार शास्त्री ने बताया कि महिलाएं रविवार की रात में 7:40 बजे चंद्रमा का दर्शन करते हुए भगवान गणेश की पूजा करेंगी। विघ्नहर्ता की पूजा करते हुए महिलाएं पति की दीर्घ आयु एवं आरोग्यता की कामना करते हुए जल ग्रहण करेंगी। हर साल यह व्रत कार्तिक मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि के दिन रखा जाता है। इस व्रत को सुहागिन स्त्रियां अपने पति की दीर्घायु और सुखी जीवन के लिए रखती है। यह व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है। यह व्रत चंद्र दर्शन के साथ खोला जाता है।
खरीदारी करने बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़, हाथों पर रचाई मेहंदी -
करवाचौथ की तैयारियों लेकर महिलाओं की भीड़ से शनिवार को बाजार गुलजार रहा। करवाचौथ व्रत को लेकर महिलाओं ने चलनी, मिट्टी व पीतल के करवा, थाली, सिक्की, नारियल सहित श्रृंगार की विभिन्न तरह की सजावटी सामग्रियों की खरीदारी की। बाजार में साड़ी, चूड़ी, मिट्टी के करवा, नारियल, के अलावा मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं काफी उत्साहित दिखीं। रॉबर्ट्सगंज नगर के दुकानदारों मनीष केशरी, उमेश केशरी, सचिन, राम आदि ने बताया कि करवाचौथ को लेकर सभी सामग्रियों की बिक्री हो रही है। आज दोपहर तक अच्छी बिक्री होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मिट्टी के करवा 35 से 50 रुपए तक बिके जबकि चलनी के दाम 40 रुपये से 70 रुपये तक लिए गये। वैसे, बाजार में दो तरह के करवा उपलब्ध हैं। मिट्टी के करवा 35 रुपये से 50 रुपये तक बिके जबकि पीतल के करवा 200 से 400 रुपये तक बिके। इसी तरह विभिन्न तरह की सजावटी थाली 140 से 500 रुपये तक बिके। सिक्की 10 रुपये और नारियल के दाम 30 से 40 रुपये तक बिके। वहीं बाजार में महिलाओं के लिए वस्त्र, आभूषण, परिधान और सौंदर्य प्रसाधन की एक लंबी शृंखला मौजूद है।




