Sonbhadra News : करवाचौथ व्रत आज...खरीदारों की उमड़ी भीड़, बाजार रहा गुलजार
करवा चौथ के मद्देनजर बृहस्पतिवार को बाजार गुलजार रहा। शहर और गांव-कस्बों के छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। ब्यूटीशियन एवं कास्मेटिक बाजार में महिलाओं का हुजूम......

sonbhadra
7:32 AM, October 10, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । करवा चौथ के मद्देनजर बृहस्पतिवार को बाजार गुलजार रहा। शहर और गांव-कस्बों के छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। ब्यूटीशियन एवं कास्मेटिक बाजार में महिलाओं का हुजूम दिखा। वहीं कपड़ाें और ज्वैलरी, मेहंदी की भी खरीदारी हुई।
आज अखंड सौभाग्य की मंगलकामना के लिए सुहागिनें निर्जला व्रत रहेंगी। सुहागिनों के अखंड सौभाग्य का प्रतीक करवा चौथ का त्योहार आज मनाया जाएगा। सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला उपवास रखेंगी।त्योहार से एक दिन पूर्व बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने पूजा-पाठ के साथ सौंदर्य प्रसाधन के सामान की खरीदारी की। शहर के बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। गहने, साड़ी, चूड़ियां और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भीड़ रही। व्यस्त बाजारों में जगह-जगह लगे स्टॉलों पर महिलाएं मेहंदी रचाती नजर आईं।
यहां महिलाओं को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा था। ब्यूटी पार्लर में भी सजने-संवरने के लिए महिलाओं का तांता लगा रहा। आधी रात तक मेहंदी और ब्यूटी पार्लरों पर चहल-पहल नजर आई। महिलाएं इस त्योहार को लेकर खासी उत्साहित नजर आईं।
लोगों ने पूजा के लिए कैलेंडर, मिट्टी और चीनी के करवे, छलनी, पूजन सामग्री, पकवान बनाने का सामान खरीदा। शहर में जगह-जगह ठेलों पर और सड़क किनारे इनकी बिक्री होती नजर आई। भीड़ के चलते दिन भर शहर के शीतला मंदिर चौक, न्यू मार्केट, धर्मशाला चौक समेत आदि प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ दिखी। इससे सड़कों पर जाम के हालात रहे।
पौराणिक मान्यता के मुताबिक सुहागिन महिलाएं करवा चौथ पर पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगी। शाम को सोलह श्रृंगार कर भगवान गौरीशंकर का पूजन करेंगी। पूड़ी-पकवानों से भोग लगाएंगी और फिर चंद्रदेव को अर्घ्य देकर उपवास खोलेंगी। सुहागिन महिलाओं को इस त्योहार का साल भर इंतजार रहता है।



