Sonbhadra News : 30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, तैयारियों में जुटा प्रशासन
आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आज डीएम........

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक करते डीएम चर्चित गोंड और एसपी अभिषेक वर्मा.......
sonbhadra
6:41 PM, July 22, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों, मंदिर समिति, धर्मगुरुओं एवं व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "जनपद में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विजयगढ़ किले के समीप स्थित राम सरोवर से पवित्र जल लेकर शिवद्वार मंदिर तक पैदल एवं वाहनों से पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विजयगढ़ क्षेत्र में पेयजल, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध करा दी जाएं।"
सड़कों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश -
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले सभी संपर्क मार्गों का पैचवर्क एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर कहीं भी गड्ढे या अवरोध नहीं होने चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग एवं मंदिर परिसर के आसपास ढीले बिजली के तारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा पूरी यात्रा अवधि के दौरान सभी स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से संचालित रहें।
स्वच्छता, पेयजल और विश्राम स्थलों पर विशेष जोर -
नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जिला पंचायत राज विभाग को शिवद्वार मंदिर, विजयगढ़ क्षेत्र और संपूर्ण यात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, पेयजल, अस्थायी शौचालय, टेंट, विश्राम स्थल एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनपद स्तर पर बनेगा कंट्रोल रूम -
कांवड़ यात्रा की सतत निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि किसी भी सूचना या समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
डीजे की ऊंचाई मानकों के अनुरूप रखने का दिया निर्देश -
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। इसके लिए पूर्व सत्यापन कर डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे बिजली के तारों से टकराने जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
उन्होंने यात्रा मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद -
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, संबंधित विभागों के अधिकारी, शिवद्वार मंदिर के पुजारी, धर्मगुरु, व्यापारी प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




