जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल निवासी खुशहाल देव पांडेय की बेटी आकांक्षा की शादी करीब छह साल पहले घोरावल क्षेत्र के मझिगवां मिश्र गांव निवासी प्रदीप के साथ हुई थी। उसे दो बच्चे भी हैं। करीब एक पखवाड़ा पहले विवाहिता संदिग्ध हाल में झुलस गई थी। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से बीएचयू रेफर कर दिया गया था। बीएचयू में इलाज के दौरान रविवार को आकांक्षा ने दम तोड़ दिया।विज्ञापनइस मामले में पुलिस ने मायके वालों की तहरीर पर पति प्रदीप, सास-ससुर, देवर, देवरानी पर केस दर्ज किया था। अस्पताल में भर्ती विवाहिता के बयान का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह ससुराल वालों पर आग लगाने की बात कह रही है। सोमवार को लोढ़ी स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन घोरावल पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर गए। जिला अस्पताल के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे हाईवे पर आवागमन बंद हो गया और वाहनों की लम्बी कतार लग गयी। जाम की सूचना पाकर रॉबर्ट्सगंज कोतवाल सत्येंद्र राय मौके पर पहुंचे, उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में सीओ सिटी डॉ0 चारु द्विवेदी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। विवाहिता के घरवालों से बात कर घटना में पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों तथा मामले में अन्य किसी की भी लापरवाही मिली तो उसके विरुद्ध भी कार्यवाही के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।