Sonbhadra news : आसमान से आफत बनकर बरसी बारिश, भरभराकर ढह गया गरीब का आशियाना
बारिश ने ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम चंदुआर में बारिश के चलते सुरेश दुबे का अर्धकच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया।

sonbhadra
3:21 PM, September 3, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
बीना,(सोनभद्र)। लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम चंदुआर में बारिश के चलते सुरेश दुबे का अर्धकच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान की एक बड़ी दीवार जमींदोज होने से गृहस्वामी को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
बताया गया कि दीवार गिरते समय तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर घर में मौजूद लोग आनन-फानन में बाहर निकल आए। संयोग से हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। वहीं, मकान की अन्य दीवारों में भी गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे उनके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है।
पीड़ित सुरेश दुबे ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर क्षति का आकलन कराने तथा नियमानुसार मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी बारिश को देखते हुए जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है।




