Sonbhadra News : व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में गूंजे व्यापारियों के मुद्दे, धोखाधड़ी, चोरी और सड़क हादसों पर जताई चिंता
पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक सीओ सिटी रणधीर मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र के पदाधिकारियों ने व्यापारियों की.........

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा को ज्ञापन सौंपते व्यापार मंडल के पदाधिकारीगण.......
sonbhadra
7:28 PM, July 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक सीओ सिटी रणधीर मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र के पदाधिकारियों ने व्यापारियों की सुरक्षा, बढ़ती आपराधिक घटनाओं, सड़क दुर्घटनाओं तथा अग्नि सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र एवं प्रभावी कार्यवाही की मांग की।
बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि "जिले में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि एक व्यापारी के साथ एक कंपनी के अधिकारी द्वारा ₹6.50 लाख की कथित धोखाधड़ी की गई, लेकिन अभी तक पीड़ित को न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की। उन्होंने नगर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए बताया कि 19 जुलाई को दोपहर करीब चार बजे मुख्य चौक स्थित शीतला मंदिर पुलिस बूथ के समीप से दिनदहाड़े सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई, जो पुलिस व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि शहर में नशेड़ियों, कबाड़ चोरों एवं असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों के कारण व्यापारी वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।"
बैठक में जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। विशेष रूप से रेणुकूट-म्योरपुर-बभनी मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों का उल्लेख करते हुए व्यापारियों ने सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
व्यापारियों ने अग्निशमन विभाग से भी मांग की कि होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का डोर-टू-डोर अग्नि सुरक्षा सत्यापन अभियान चलाया जाए और जांच के बाद संबंधित व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, जिससे सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्राप्त सभी शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, किराना नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, नगर अध्यक्ष श्यामलाल केशरी, किराना नगर महामंत्री नंदलाल कुशवाहा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।




