Sonbhadra News : शिवद्वार मंदिर प्रकरण में जांच शुरू, नायब तहसीलदार को मिली जांच
एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिसके लिए नायब तहसीलदार को नामित किया गया है। जांच कर रिपोर्ट डीएम को प्रेषित की जाएगी।

sonbhadra
8:14 PM, February 7, 2025
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । ग्राम सतद्वारी में प्रसिद्ध शिव पार्वती मन्दिर शिवद्वार धाम है । इन दिनों मंदिर की जमीन के प्रकरण को लेकर मामला गरमाया है । दो पक्ष जमीन संबंधित मामले को लेकर विवादास्पद प्रतिक्रिया कर रहे हैं। जिलाधिकारी तक मामले की शिकायत की गई है। एक पक्ष ने बीते दिनों मंदिर में हो रही अनियमितता की शिकायत की थी। वहीं मंदिर के पुजारी सुरेश गिरी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध कब्जे का आरोप लगाया गया है। बताते चलें कि कुछ लोगों ने बीते दिनों जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सुरेश गिरी और अन्य पुजारी पर आरोप लगाया था कि इन लोगों ने भगवान शिव एवं माता पार्वती को मृत दिखाकर जमीन अपने नाम कर लिया है। इसके बाद शिवद्वार मंदिर के मुख्य पुजारी सुरेश गिरी और अन्य पुजारियों ने डीएम से मिलकर अपना पक्ष रखा और उनके खिलाफ शिकायत करने वालों पर मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। इसके बाद डीएम के आदेश पर घोरावल एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने नायब तहसीलदार को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। शिवद्वार मंदिर के पुजारी सुरेश गिरी और अन्य पुजारियों ने जिलाधिकारी को बताया है कि घोरावल ब्लॉक का शिवद्वार मंदिर जिसका प्रबन्धन व संचालन वह विगत कई दशक से निरन्तर तथा वर्तमान मे कर रहे हैं। बताया कि मन्दिर के नाम ग्राम गावकुण्डा मे जिस पर मन्दिर के लिए धर्मशाला तथा यात्री निवास गृह बनाये जाने हेतु घोरावल विधायक ने प्रस्ताव शासन को भेजा है। उक्त भूमि पर ग्राम गांवकुण्डा के एक व्यक्ति ने जबरदस्ती सरसो की बोवाई की है। मन्दिर परिसर मे एक व्यक्ति की भूमि पर विधायक निधि से धर्मशाला बना हुआ है। जिसमे कुछ लोगों द्वारा जबरजस्ती ताला लगा दिया गया है। जबकि बीते श्रावण मास मेला में मेला की व्यवस्था तथा प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मण्डलायुक्त ने तत्काल ताला खोलने को कहा था। मण्डलायुक्त के आदेश के बावजूद भी उक्त लोगों ने पुनः जबरजस्ती ताला लगा दिया तथा सरकारी पैसे से बने धर्मशाला को अपने कब्जे में ले लिया है। सरकारी पैसे से बने विद्यालय के भवन को बेचने की जांच कराकर वैधानिक कार्यवाही की जाए। मन्दिर पर महाशिवरात्रि, सावन, बसन्त पंचमी के अवसर पर विपक्ष के लोगों द्वारा झूठी तथा भ्रामक सूचना सोशल मिडिया में देकर मंदिर प्रबन्धन तथा संचालन में व्यवधान उत्पन्न किया जाता है। इस मामले में एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिसके लिए नायब तहसीलदार को नामित किया गया है। जांच कर रिपोर्ट डीएम को प्रेषित की जाएगी।




