Sonbhadra News : श्रमिक आंदोलन पर दमन के विरोध में गरजा इंटक, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश सहित उत्तरी और मध्य भारत में चल रहे श्रमिक आंदोलनों के समर्थन में सोमवार को राष्ट्रीय मांग दिवस के तहत इंटक एवं श्रमिक संगठनों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने.......

मांगों के समर्थन में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते इंटक के कार्यकर्ता....
sonbhadra
9:43 PM, May 12, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• नोएडा-गुरुग्राम में श्रमिक आंदोलन पर दमन का लगाया आरोप, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश सहित उत्तरी और मध्य भारत में चल रहे श्रमिक आंदोलनों के समर्थन में सोमवार को राष्ट्रीय मांग दिवस के तहत इंटक एवं श्रमिक संगठनों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए श्रमिकों की विभिन्न मांगों को उठाया और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा गुरुग्राम में श्रमिक आंदोलनों पर हो रही कार्रवाई की निंदा की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार द्वारा श्रमिक आंदोलनों को दबाने के लिए दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। ज्ञापन में कहा गया कि निर्दोष श्रमिकों और आम लोगों पर कार्रवाई कर श्रमिक अधिकारों को कुचला जा रहा है तथा कॉर्पोरेट हितों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक हजारों श्रमिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके आवासों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इंटक जिला अध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी ने कहा कि "श्रमिकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि गिरफ्तार श्रमिकों और कर्मचारियों को बिना शर्त रिहा किया जाए, झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं तथा श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं को निरस्त किया जाए। उन्होंने सभी ट्रेड यूनियनों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता और भारतीय श्रम सम्मेलन आयोजित करने की भी मांग उठाई।उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों को न्यूनतम 26 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाए तथा 8 घंटे कार्यदिवस, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, कार्यस्थल पर सुरक्षा और अन्य वैधानिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही संविदा श्रमिकों के लिए समान वेतन और स्थायी नौकरियों में नियमितीकरण की मांग भी की गई।"
इंटक के संयुक्त सचिव उत्तम कुमार मिश्रा और जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने कहा कि "वर्तमान सरकार मजदूरों की समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें जेल भेज रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।"
प्रदर्शन में इंटक के जिला महासचिव शमीम अख्तर खान, ऋतुराज पाठक, मुन्ना खान, दिलीप कुमार सिंह, हरिशंकर गौड़, राजाराम भारती, शंकर, लालता चौहान, मुकेश चेरो, फुलवंती देवी, कुंती देवी, रामप्रसाद, चंदर, हरिलाल, राम नारायण, मोहरलाल गुलाब सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।




