Sonbhadra News : 10 लाख की हेरोइन के साथ अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार
थाना चोपन पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त मो0 अफजाल को डाला चढ़ाई पर अल्ट्राटेक पार्किंग के पास से 24 सितंबर को समय लगभग 05:50 बजे गिरफ्तार किया गया।

sonbhadra
7:16 PM, September 24, 2026
- ऑपरेशन शुद्धि में चोपन पुलिस को बड़ी सफलता,
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री
सोनभद्र । पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में "ऑपरेशन शुद्धि" के तहत थाना चोपन पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। चोपन पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में वांछित चल रहे 1 अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
थाना चोपन पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त मो0 अफजाल को डाला चढ़ाई पर अल्ट्राटेक पार्किंग के पास से 24 सितंबर को समय लगभग 05:50 बजे गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन एवं 01 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये) बरामद किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण -
24 सितंबर को थाना चोपन पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पतारसी-सुरागरसी की जा रही थी। इसी दौरान मु0अ0सं0 319/2026 धारा 8/21/27/29 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 111(2)बी, 111(4) बीएनएस में वांछित अभियुक्त अफजाल पुत्र मो0 इकबाल, निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी के हेरोइन लेकर ट्रेन के माध्यम से सोनभद्र आने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए उसका पीछा किया गया। डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर झाड़ियों की ओर छिपने/भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मो0 अफजाल पुत्र मो0 इकबाल, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी बताया तथा तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुआ।
उक्त बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना चोपन पर मु0अ0सं0 373/2026, धारा 8/21/27/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह पूर्व से हेरोइन की सप्लाई का कार्य करता है तथा सोनभद्र के कुछ व्यक्तियों को हेरोइन की सप्लाई करने के लिए आया था। अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह मणिपुर से कच्चा माल ले आकर अपने यहां उसको बनाता है तथा कभी होने पर स्थानीय स्तर पर भी मादक पदार्थ प्राप्त करके सप्लाई करता है।




