Sonbhadra News : कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई दरोगा भर्ती परीक्षा, आई स्कैनिंग व बायोमीट्रिक जांच के बाद मिला प्रवेश
जिले में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ नज....

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिया गया दरोगा भर्ती अभ्यर्थियों को प्रवेश.....
sonbhadra
9:30 AM, March 14, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आई। केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन किया गया, इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 6 केंद्र बनाए गए हैं, जहां शनिवार और रविवार को दो पालियों में परीक्षा आयोजित हो रही है। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने पूरे जिले को दो जोन और 6 सेक्टर में बांटा है। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जा रही है। पुलिस कार्यालय परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की गतिविधियों की निगरानी हो रही है। सुरक्षा व्यवस्था में कुल 240 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। वहीं एलआईयू की टीम भी सादे वर्दी में पूरी परीक्षा पर निगरानी रखी हुई है।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। 120 मिनट में 160 वस्तुनिष्ठ प्रश्न हल करने होंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर 2.5 अंक निर्धारित हैं। व्हाइटनर, इरेजर और ब्लेड का प्रयोग प्रतिबंधित रखा गया है।
आज पहली पाली में छह केंद्रों पर छह परीक्षा केन्द्रों पर कुल 2400 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, इसमें आदर्श इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में 240, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में 240, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 240 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में 480, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 720 तथा चंद्र गुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर में 480 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि "परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।"



