Sonbhadra news : नदी में डूबने से मासूम की मौत
मड़पा गांव में रविवार सुबह 7 वर्षीय मासूम की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

sonbhadra
6:44 PM, May 24, 2026
अवधेश पटेल (संवाददाता)
वैनी (सोनभद्र) । माची थाना क्षेत्र के मड़पा गांव में रविवार सुबह 7 वर्षीय मासूम की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मड़पा गांव निवासी सूरज पुत्र हजारी अपनी मां सरिता देवी और अन्य बच्चों के साथ गांव के पास स्थित नदी में स्नान करने गया था। इस दौरान सरिता देवी कपड़े धोने में व्यस्त हो गईं, जबकि बच्चे नदी में नहा रहे थे। कुछ देर बाद उन्हें लगा कि सूरज घर चला गया होगा।
जब वह घर पहुंचीं तो सूरज वहां नहीं मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने नदी में बच्चे का शव देखा और बाहर निकाला।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान अमृत लाल यादव द्वारा माची थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक भैया सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया।




