Sonbhadra News: ओबरा तापीय परियोजना की पहल, बिल्ली-मारकुंडी में निःशुल्क मेडिकल कैंप से मरीजों को मिली राहत
इसके साथ ही लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, उनकी रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई।

sonbhadra
8:05 PM, October 16, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । ओबरा तापीय परियोजना की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत बिल्ली-मारकुंडी के वार्ड नंबर-8 में निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में जरूरतमंद लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। परियोजना की इस पहल से स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुईं। मेडिकल कैंप में मरीजों के ब्लड प्रेशर (बीपी), ब्लड शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। इसके साथ ही लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, उनकी रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान ओबरा परियोजना अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी और बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में डॉ. मिथिलेश, फार्मासिस्ट शिवबालक, स्टाफ सदस्य रिशु, अरविंद सोनी, अमरजीत, पवन यादव सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।




