Sonbhadra News : धंधरौल बांध के जलस्तर में बढ़ोत्तरी, मगर हालत नियंत्रण में- अजय श्रीवास्तव
जिले में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते धंधरौल बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार शाम तक बांध का जलस्तर बढ़कर 27.9 फीट तक पहुंच गया है ।

sonbhadra
9:52 PM, September 2, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । जिले में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते धंधरौल बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार शाम तक बांध का जलस्तर बढ़कर 27.9 फीट तक पहुंच गया है, जिसमें कुल 3084 MCFT पानी का भंडारण हो चुका है। बांध का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से 4.6 फीट नीचे है, लेकिन लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन अलर्ट मोड पर प्रशासन ने बांध के आसपास बसे अगल-बगल के गांवों के लोगों से अपील की है कि सभी सतर्क रहें और अपने पशुओं को सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर बांधकर रखें। साथ ही बच्चों को बांध के पास न जाने दें और अनावश्यक रूप से बांध के किनारे जाने से बचें। क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े बांध,पोखरा और तालाब पहले ही लबालब भर चुके हैं, ऐसे में धंधरौल बांध के जलस्तर में और तेजी से बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है। प्रशासन की टीम 24 घंटे बांध की निगरानी कर रही है।
इस संबंध में संबंधित अधिकारी अधीक्षण अभियंता अजय श्रीवास्तव ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। फिलहाल घबराने की कोई बात नहीं है, लेकिन लगातार निगरानी की जा रही है।




