Sonbhadra News : सोनभद्र बैडमिंटन लीग सीजन-2 ‘द राइज’ में स्मैश टाइटन्स बनी चैंपियन, फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब उपविजेता
प्रतियोगिता में जनपद की सात टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार खेल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

sonbhadra
8:58 AM, November 4, 2026
विनोद धर/शुभम जायसवाल (संवाददाता)
सोनभद्र। जिले में बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देने एवं स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सोनभद्र बैडमिंटन लीग सीजन-2 – ‘THE RISE’ का आयोजन 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को शिवाजी मिनी स्टेडियम, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जनपद की सात टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार खेल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह वरिष्ठ खिलाड़ी नीतू सिंह एवं विजय उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी नगर, सोनभद्र रणधीर मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेश द्विवेदी, सचिव, सोनभद्र डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन उपस्थित रहे।
इस लीग में सात टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें-
1. चंद्रा मारुति (A) – दिनेश सिंह
2. फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब (B) – प्रतीक पांडेय एवं देवेंद्र शर्मा
3. लाइफ केयर हॉस्पिटल (C) – डॉ. प्रमोद कुमार प्रजापति
4. एमआर. ए.के.के. लायंस (D) – अमित सिंह एवं कुनाल सिंह
5. शटल स्मैशर्स (E) – प्रशांत यादव
6. स्मैश पैंथर्स (F) – सुजीत गोंड
7. स्मैश टाइटन्स (G) – श्री अमन कश्यप एवं विशाल शामिल रहे।
लीग चरण में टीमों के प्रदर्शन के आधार पर अंक तालिका में निम्नलिखित स्थान प्राप्त हुए-
1. स्मैश टाइटन्स – 48 अंक
2. फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब – 38 अंक
3. स्मैश पैंथर्स – 32 अंक
4. शटल स्मैशर्स – 20 अंक
5. एमआर. ए.के.के. लायंस – 19 अंक
6. लाइफ केयर हॉस्पिटल – 17 अंक
7. चंद्रा मारुति – 13 अंक
लीग चरण के बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमों ने नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
नॉकआउट मुकाबलों का रोमांच
क्वालीफायर-1: स्मैश टाइटन्स के शुभम जायसवाल एवं समद की जोड़ी का मुकाबला फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब के सुमित सिंह एवं श्रेष्ठ की जोड़ी से हुआ। इस मुकाबले में स्मैश टाइटन्स ने जीत दर्ज कर सीधे फाइनल में प्रवेश किया।
एलिमिनेटर: शटल स्मैशर्स के सत्य प्रकाश यादव एवं सनी की जोड़ी का मुकाबला स्मैश पैंथर्स के कमलेश यादव एवं गोविंद यादव की जोड़ी से हुआ। इसमें स्मैश पैंथर्स ने जीत हासिल की।
क्वालीफायर-2: स्मैश पैंथर्स के कमलेश यादव एवं गोविंद यादव की जोड़ी का मुकाबला फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब के श्रेष्ठ एवं उत्कर्ष सिन्हा की जोड़ी से हुआ। इस मुकाबले में फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला: स्मैश टाइटन्स के शुभम जायसवाल एवं समद की जोड़ी का सामना फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब के श्रेष्ठ एवं उत्कर्ष सिन्हा की जोड़ी से हुआ। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्मैश टाइटन्स ने फाइनल मुकाबला जीतकर सोनभद्र बैडमिंटन लीग सीजन-2 ‘द राइज’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब उपविजेता रहा।
विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार
प्रतियोगिता की विजेता टीम स्मैश टाइटन्स को ₹15,000 की नकद पुरस्कार राशि एवं विजेता टीम ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को व्यक्तिगत ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
उपविजेता टीम फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब को ₹11,000 की नकद पुरस्कार राशि एवं उपविजेता टीम ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को भी व्यक्तिगत ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत पुरस्कार
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को निम्नलिखित व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया:
- मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP): सत्य प्रकाश यादव – शटल स्मैशर्स
- राइजिंग स्टार (अंडर-17): प्रांजल सैनी – स्मैश टाइटन्स
- इमर्जिंग प्लेयर (अंडर-19): श्लोक मौर्य – स्मैश टाइटन्स
- वेटरन स्टार (40+): इंदु प्रकाश सिंह – चंद्रा मारुति
समापन समारोह एवं सभी टीम मालिकों का सम्मान
समापन समारोह में मुख्य अतिथि रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नगर, सोनभद्र तथा विशिष्ट अतिथि राजेश द्विवेदी, सचिव, सोनभद्र डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर लीग में प्रतिभाग करने वाली सभी सातों टीमों के मालिकों को उनके सहयोग, समर्पण एवं बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए अतिथियों द्वारा सम्मानित एवं अभिनंदित किया गया। सम्मानित टीम मालिकों में दिनेश सिंह (चंद्रा मारुति), प्रतीक पांडेय एवं देवेंद्र शर्मा (फ्रेंड्स बैडमिंटन क्लब), डॉ. प्रमोद कुमार प्रजापति (लाइफ केयर हॉस्पिटल), अमित सिंह एवं श्री कुनाल सिंह (एमआर. ए.के.के. लायंस), प्रशांत यादव (शटल स्मैशर्स), सुजीत गोंड (स्मैश पैंथर्स) तथा अमन कश्यप एवं विशाल (स्मैश टाइटन्स) शामिल रहे।
इस अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों तथा व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
सोनभद्र बैडमिंटन लीग टीम की ओर से वरिष्ठ खिलाड़ी एवं सोनभद्र व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष संदीप सिंह, राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता तथा लीग के सूत्रधार शुभम जायसवाल उपस्थित रहे।
आयोजन की तकनीकी एवं संचालन व्यवस्था में फलक, आयुष सिंह, शताक्षी एवं अभिषेक केशरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प
सोनभद्र बैडमिंटन लीग का उद्देश्य जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना, नई प्रतिभाओं को पहचानना तथा अनुभवी खिलाड़ियों को सम्मान देना है। इस आयोजन ने जिले में बैडमिंटन के प्रति बढ़ते उत्साह और सामूहिक खेल भावना को एक नई दिशा प्रदान की है।
आयोजकों ने सभी अतिथियों, सातों टीमों के मालिकों, प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों, सहयोगियों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




