Sonbhadra News : चुर्क में बदहाल व जर्जर स्थिति में बन्द पड़ा है बेजुबान जानवरों का अस्पताल
लगातार मौसम का मिजाज बदलने से जहां एक तरफ अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही है वहीं पशुओं में भी बीमारी बढ़ रही है । लेकिन नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में स्थित राजकीय पशु अस्पताल में ताला लटक रहा है

sonbhadra
9:23 AM, August 29, 2024
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र)। इन दिनों लगातार मौसम का मिजाज बदलने से जहां एक तरफ अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही है वहीं पशुओं में भी बीमारी बढ़ रही है । लेकिन नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा के वार्ड नं0-5 में स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में महीनों से ताला लटक रहा है । जिससे इस अस्पताल पर निर्भर लगभग 35 गांव के पशुपालक अपने पशुओं को दिखाने के लिए परेशान हैं ।
लोगों ने बताया कि डॉक्टर व कम्पाउंडर के अभाव में यह अस्पताल बंद है और धीरे-धीरे जर्जर हो जा रहा है ।
पशुपालक सूरज यादव ने बताया कि राजकीय पशु चिकित्सालय में कई महीनो से ताला लटका हुआ है । डॉक्टर व कम्पाउण्डर की नियुक्ति न होने के कारण
नगर में इलाज के अभाव में 5 बकरियों की मौत हो गई । उन्होंने बताया कि एक तरफ सरकार पशु पालन के लिए प्रोत्साहित कर रही है । वहीं पशु अस्पताल न खुलने से न सिर्फ पशुओं की मौत हो रही है बल्कि पशुपालक भी बर्बाद हो रहे हैं ।
पशुपालक कैलाश चंद्रवंशी, राजनाथ यादव, किशन वर्मा, राजन कुमार, शिवकांतत मिश्रा लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पशु अस्पताल की मरम्मत कर चिकित्सक व कर्मियों की नियमित बैठने की व्यवस्था की जाय ताकि बीमार पशुओं का इलाज आसानी से हो सके ।




