Sonbhadra news : सामुदायिक शौचालय की बदहाल स्थिति पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
चोपन विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अगोरी खास के बिजौरा टोला में स्थित सामुदायिक शौचालय की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला।

sonbhadra
1:34 PM, May 23, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन, (सोनभद्र)। चोपन विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अगोरी खास के बिजौरा टोला में स्थित सामुदायिक शौचालय की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपते हुए शौचालय की साफ-सफाई और मरम्मत की मांग उठाई।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव ने बताया कि सामुदायिक शौचालय लंबे समय से उपेक्षित पड़ा है। नियमित सफाई न होने से परिसर में गंदगी फैली हुई है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि शौचालय परिसर में घास-फूस उग आने और भवन के कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को इसका उपयोग करने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग द्वारा समय पर ध्यान न दिए जाने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सफाई अभियान चलाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान मंगरू, सुदामा, ओमप्रकाश साहनी, भैरों कोल, पप्पू, पिंटू, रामगुल्ली, मुकेश, रिश्ता, श्रवण और सहेंद्र सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।




